मार्च 21, 2026 8:21 अपराह्न

printer

ईरान चाहता है युद्ध का पूर्ण और स्थायी अंत, युद्धविराम नहीं: ईरान विदेश मंत्री

अमरीका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने कहा है कि अमरीका, ईरान के खिलाफ अपना सैन्य अभियान खत्‍म करने पर विचार कर रहा है। सोशल मीडिया पोस्ट में श्री ट्रम्प ने कहा कि अमरीका अपने लक्ष्‍य  पूरा करने के करीब है। उन्‍होंने संकेत दिया कि अन्य देशों को होर्मुज जलडमरूमध्य की सुरक्षा में आगे बढ़ना चाहिए। श्री ट्रम्‍प ने साथ ही चेतावनी दी कि किसी भी व्यवधान से वैश्विक ऊर्जा संकट उत्पन्न हो सकता है।

इस बीच, ईरान के विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराघची ने कहा है कि ईरान युद्ध का पूर्ण, व्यापक और स्थायी अंत चाहता है और उसे युद्धविराम स्‍वीकार नहीं है। आज मीडिया आउटलेट को दिए टेलीफोन साक्षात्कार में श्री अराघची ने अमरीकी-इस्राएली हमलों को अवैध और बिना उकसावे के आक्रामक कार्य बताया और अंतरराष्ट्रीय समुदाय से कार्रवाई करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि युद्ध के किसी भी समाधान में भविष्य में हमलों के खिलाफ गारंटी और नुकसान की भरपाई शामिल होनी चाहिए।

ईरान के विदेश मंत्री ने कहा कि राजनयिक प्रयासों के जारी रहने के बावजूद, अमरीका ने अभी तक वास्तविक समाधान के लिए तत्परता नहीं दिखाई है। उन्होंने कहा कि ईरान होर्मुज जलडमरूमध्य से जापानी जहाजों को सुविधा प्रदान करने के लिए तैयार है।

श्री अराघची ने ब्रिटेन को भी चेतावनी दी कि अगर युद्ध में उसकी भागीदारी बढ़ती है तो जवाबी कार्रवाई की जाएगी। उन्‍होंने अमरीका को ब्रिटिश ठिकानों का इस्‍तेमाल करने की अनुमति देने के लिए प्रधानमंत्री कीर स्टारमर की आलोचना की। इस बीच, ब्रिटेन की गृह मंत्री यवेट कूपर ने ईरान को ब्रिटेन के ठिकानों, क्षेत्र या हितों को निशाना बनाने के खिलाफ चेतावनी दी और आगे तनाव बढ़ने की आशंका जताई।