जनवरी 10, 2026 4:45 अपराह्न

printer

ईरान: देशव्यापी सरकार विरोधी प्रदर्शन के कारण कई अंतर्राष्ट्रीय उड़ानें रद्द

ईरान में राष्‍ट्रव्‍यापी सरकार विरोध प्रदर्शन तीसरे सप्‍ताह में भी जारी रहने के कारण ईरान जाने और आने वाली कई अंतर्राष्‍ट्रीय उड़ानें या तो रोक दी गई हैं या रद्द कर दी गई हैं। विरोध प्रदर्शन के कारण इंटरनेट सेवाएं पूरी तरह से ठप्‍प हैं और सुरक्षा चिंताएं बढ़ गई हैं।

आर्थिक कठिनाइयों को लेकर 28 दिसंबर को शुरू हुई अशांति भारी सुरक्षा बन्‍दोबस्‍त के बावजूद जारी है। मानवाधिकार समूहों का अनुमान है कि बच्‍चों सहित अब तक 45 से सौ लोग मारे गए हैं। अधिकारियों ने देशभर में संचार को सीमित करते हुए 8 जनवरी से मोबाइल और इंटरनेट पर व्‍यापक प्रतिबंध लगा दिए हैं।

प्रभावित होने वाली उड़ानों में संयुक्‍त अरब अमीरात की उड़ानें शामिल हैं। तेहरान, शिराज, मशहद और बंदर अब्‍बास सहित 9 जनवरी को फ्लाईदुबई एयरलाइन ने ईरान के शहरों को जाने वाली अपनी सभी निर्धारित सेवाएं रद्द कर दीं। अमीरात ने तेहरान और अन्‍य स्‍थानों पर जाने वाली अपनी कई सेवाएं रद्द कीं। वहीं, एतिहाद एयरवेज ने भी ईरान जाने वाली अपनी उड़ानें रोक दी हैं।

कतर एयरवेज ने दोहा और तेहरान के बीच की सेवाएं रद्द कर दी हैं। टर्किश एयरलाइन, एजेट और पेगासस एयरलाइंस ने तेहरान, तबरीज, मशहद, इस्‍फहाद और शिराज को जाने वाली दर्जनों उड़ानें या तो निलंबित कर दी हैं या रद्द कर दी हैं। ऑस्ट्रियन एयरलाइन ने वियेना-तेहरान की अपनी सेवाएं रद्द कर दी हैं। लुफ्तहांसा इस महीने के अंत में अपनी उड़ानें फिर शुरू करने संबंधी योजनाओं की समीक्षा कर रही है।

ऑस्ट्रियन एयरलाइन वियेना और तेहरान के बीच की अपनी 9 जनवरी की सेवा रद्द कर दी। ऑस्ट्रियन एयरलाइन ने कहा कि वह अपनी स्थिति की निगरानी कर रही है। क्षेत्रीय सुरक्षा चिंताओं के कारण लुफ्तहांसा ने पहले तेहरान मार्ग पर अपनी सेवाएं रद्द कर दी थीं। अब 16 जनवरी से अपनी उड़ानें फिर शुरू करने की योजना बना रही है। लेकिन लुफ्तहांसा की अब उस कार्यक्रम पर फिर से अनिश्चितता छा गई है। ईरान की घरेलू विमान सेवा देश के भीतर ही परिचालित हो रही है1 ईरान के नागर विमानन संगठन ने संवेदनशील क्षेत्रों के निकट हवाई प्रतिबंध जारी किए हैं। कई सरकारों ने एयरलाइंस को अत्‍यधिक जोखिम की चेतावनी दी है।