मार्च 25, 2026 9:18 अपराह्न

printer

ईरान ने अमरीका के युद्धविराम प्रस्ताव को किया खारिज

ईरान ने अमरीका के युद्धविराम प्रस्ताव को खारिज करते हुए कहा है कि वह युद्ध केवल अपनी शर्तों और समय-सीमा के अनुसार समाप्त करेगा। आज ईरान ने अपने वरिष्ठ सुरक्षा अधिकारी के माध्यम से प्रेस टीवी पर स्पष्ट किया है कि जब तक उसकी मांगें पूरी नहीं होतीं, वह अपनी रक्षा के लिए दुश्मनों पर कड़े हमले जारी रखेगा।

अधिकारी के अनुसार, अमरीका द्वारा पेश किए गए प्रस्ताव ईरान को ‘अत्यधिक’ लगते हैं। अधिकारी ने उन विशिष्ट शर्तों का उल्लेख किया जिनके अंतर्गत ईरान युद्ध समाप्त करने पर सहमत होगा।

इन शर्तों मे आक्रामकता और हत्याओं पर पूर्ण विराम, ईरान पर युद्ध को पुनः थोपे जाने से रोकने के लिए ठोस तंत्र की स्थापना, युद्ध क्षतिपूर्ति का गारंटीकृत और स्पष्ट भुगतान, क्षेत्र में शामिल सभी प्रतिरोध समूहों के लिए सभी मोर्चों पर युद्ध की समाप्ति, और होर्मुज जलडमरूमध्य पर संप्रभु अधिकार की मान्यता शामिल है।

अमरीका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की शर्तों में समझौते पर चर्चा के लिए एक महीने का युद्धविराम और ईरान की परमाणु हथियार क्षमता का पूर्ण अंत शामिल है। अमरीकी शर्तों में यह भी कहा गया है कि ईरान को अपने क्षेत्र में यूरेनियम संवर्धन बंद करना होगा और होर्मुज जलडमरूमध्य को खुला रखना होगा। इसके अतिरिक्त, ईरान को अपने अत्यधिक संवर्धित यूरेनियम भंडार को अंतर्राष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी-आईएईए को सौंपना होगा।

साथ ही नतान्ज़, इस्फ़हान और फ़ोर्डो में स्थित प्रमुख परमाणु स्थलों को नष्ट करना होगा और आईएईए को पूर्ण निरीक्षण पहुंच प्रदान करनी होगी। प्रस्ताव में ईरान को क्षेत्रीय परोक्ष गतिविधियों से पीछे हटने और सहयोगी सशस्त्र समूहों को समर्थन देना बंद करने की भी मांग की गई है।

इसमें मिसाइलों की मारक क्षमता और संख्या पर सीमा लगाने और भविष्य में मिसाइलों के उपयोग को केवल आत्मरक्षा तक सीमित रखने का भी आह्वान किया गया है। इन रियायतों के बदले में, अमरीका ने कथित तौर पर ईरान पर लगे प्रतिबंधों को पूरी तरह हटाने और उसके नागरिक परमाणु कार्यक्रम के लिए समर्थन देने की पेशकश की है।

हालांकि, विशेषज्ञों का कहना है कि ईरान के अपना रुख कड़ा करने और अमरीका के समक्ष अपनी मांगें रखने के साथ, ऐसा प्रतीत होता है कि पश्चिम एशिया में गतिरोध अभी समाप्त होने से बहुत दूर है।

भारत में इज़रायल के राजदूत रूवेन अजार ने एक समाचार एजेंसी को दिए साक्षात्कार में इस बात पर बल दिया कि ईरानी खतरों को बेअसर किए जाने तक इज़रायल अपने हमले जारी रखेगा। राजदूत अजार ने चेतावनी दी कि यदि ईरान अपना आक्रामक रुख जारी रखता है और अमरीका तथा अंतरराष्ट्रीय समुदाय की आवश्यकताओं के साथ सहयोग करने से इनकार करता है, तो उसे गंभीर परिणाम भुगतने होंगे।

इस बीच, पश्चिम एशिया में शांति अभी भी अनिश्चित बनी हुई है। इज़रायल की ओर से ईरान पर हमले जारी है और ईरानी सेना भी इज़रायली और अमरीकी ठिकानों पर जवाबी हमले कर रही है।