ईरान ने बढ़ती कीमतों और मुद्रा के मूल्य में गिरावट के असर से राहत के लिए सरकारी सब्सिडी बढ़ाने की घोषणा की है। प्रति परिवार मासिक सब्सिडी तीन लाख रियाल से बढ़ाकर दस लाख रियाल की जाएगी। यह सहायता नकद राशि में नहीं दी जाएगी बल्कि इसे पारिवारिक कार्ड में अंतरित किया जाएगा, जिससे आवश्यक वस्तुएं खरीदी जा सकेंगी। सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि यह राशि प्रति माह कार्ड में जमा की जाएगी।
ईरान के सभी परिवार इस योजना के दायरे में आएंगे। राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन के आदेश के बाद इस माह के दूसरे सप्ताह से यह कार्यक्रम शुरू होगा। सरकार ने यह भी बताया कि बढ़ती महंगाई के अनुरूप दस लाख रियाल का अलग से भुगतान किया जाएगा। ईरान में मुद्रा रियाल के मूल्य में रिकार्ड गिरावट के बाद मुद्रा स्फीति 40 प्रतिशत से भी अधिक हो गयी है।