मोबाइल ऐप्प
डाउनलोड करें

android apple
Listen to live radio

भारत सहित पूरे विश्‍व में आज मनाया जा रहा है अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस

 

भारत सहित पूरे विश्‍व में आज अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाया जा रहा है। नई दिल्ली में केन्‍द्रीय मंत्रियों और अधिकारियों ने योगाभ्‍यास किया। सूचना और प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सूचना एवं प्रसारण सचिव संजय जाजू के साथ लोधी गार्डन में योग किया। योग सत्र के बाद मीडिया से बातचीत में  श्री वैष्णव ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति का एक अद्वितीय कौशल है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसे वैश्विक मान्यता दिलाकर दुनिया भर में योग के प्रति उत्साही लोगों को योगाभ्यास करने और जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए प्रेरित किया है।

    स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने यमुना खेल परिसर में सामूहिक योग सत्र में भाग लिया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में योग विश्व के हर कोने में पहुंचा है। श्री नड्डा ने लोगों से स्‍वस्‍थ जीवन के लिए योग को अपनाने का आग्रह किया।

    विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर और अन्य राजनयिकों ने भी योग किया।

    संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने मिलेनियम पार्क में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस समारोह में भाग लिया। केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह, प्रधानमंत्री के प्रधान सचिव पीके मिश्रा और अन्य अधिकारियों ने प्रधानमंत्री कार्यालय साउथ ब्लॉक में योग सत्र में भाग लिया।

    युवा मामले और खेल मंत्री मनसुख मांडविया, कृषि और किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान, दिल्ली के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना, केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी, एचडी कुमारस्वामी, बी.एल. वर्मा, सेना प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल उपेन्द्र द्विवेदी और भारतीय नौसेना प्रमुख एडमिरल दिनेश के त्रिपाठी ने भी आज सुबह राष्ट्रीय राजधानी में अलग-अलग स्थानों पर योगाभ्यास किया।

    वहीं अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्‍थान-एम्‍स नई दिल्‍ली द्वारा भी अंतरराष्‍ट्रीय योग दिवस के अवसर पर योगाभ्‍यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया जिसमें केंद्रीय स्‍वास्‍थ्‍य राज्‍य मंत्री अनुप्रिया पटेल और केंद्रीय स्‍वास्‍थ्‍य सचिव अर्पूव चंद्रा ने भाग लिया। इस कार्यक्रम में एम्‍स के विभिन्‍न संकाय, छात्र, कर्मचारी सहित साढे तीन हजार से ज्‍यादा लोगों पूरे उत्‍साह से शामिल हुए।  

    दिल्‍ली विकास प्राधिकरण द्वारा 18 खेल परिसरों, गोल्‍फ कोर्स और नौ पार्कों में योग का आयोजन कर अंतरराष्‍ट्रीय योग दिवस मनाया गया जिसमें लगभग 20 हजार लोगों ने भाग लिया।

    वहीं, दिल्‍ली पुलिस द्वारा भी अंतरराष्‍ट्रीय योग दिवस मनाया गया और योग सत्र का आयोजन दिल्‍ली पुलिस के मुख्‍यालय परिसर में किया गया। दिल्‍ली पुलिस आयुक्‍त संजय अरोड़ा सहित पुलिसकर्मियों ने योग सत्र में भाग लिया और विभिन्‍न आसनों को अभ्‍यास किया। इसके अलावा दिल्‍ली पुलिस के विभिन्‍न इकाईयों द्वारा भी अलग-अलग योग सत्र का आयोजन किया गया।