दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव 2026, राजधानी को वैश्विक फिल्म हब बनाने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है। यह महोत्सव दिल्ली पर्यटन और परिवहन विकास निगम द्वारा आयोजित किया जा रहा है।
मंगलवार तक चलने वाले इस महोत्सव में 47 देशों की 125 से अधिक फिल्मों का प्रदर्शन किया जा रहा है। महोत्सव का उद्देश्य रचनात्मक अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देना, फिल्म पर्यटन को प्रोत्साहित करना और नई प्रतिभाओं को अंतरराष्ट्रीय मंच प्रदान करना है। यह आयोजन भारतीय सिनेमा के वैश्विक प्रभाव और ‘सॉफ्ट पावर’ के रूप में उसकी भूमिका को दर्शाता है। इस महोत्सव के माध्यम से दिल्ली अब केवल प्रशासनिक राजधानी ही नहीं, बल्कि धीरे-धीरे रचनात्मक और मनोरंजन उद्योग के एक केंद्र के रूप में उभर रही है।
फिल्म महोत्सव में कल गाला रेड कार्पेट और समापन समारोह आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर शोले फिल्म के रिस्टोर संस्करण की विशेष स्क्रीनिंग होगी। साथ ही प्रसिद्ध अभिनेता अनुपम खेर द्वारा अभिनय पर मास्टरक्लास आयोजित की जाएगी और अभिनेत्री भूमि पेडनेकर के साथ संवाद सत्र आयोजित किया जाएगा। आगंतुक फिल्म महोत्सव के लिए ऑनलाइन पंजीकरण कर महोत्सव में नि: शुल्क प्रवेश कर सकते है। आरजू के साथ, प्रादेशिक समाचार के लिए, अमन यादव।