केंद्रीय कृषि और किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज नई दिल्ली में भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद द्वारा विकसित 25 फसलों की 184 नई किस्में जारी की। इनमें धान की 60 किस्में, मक्का की 50 और तिलहन की 13 किस्में शामिल हैं। इस अवसर पर श्री चौहान ने कहा कि भारत ने अपनी खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित कर ली है और 2025 में देश का चावल उत्पादन 15 करोड़ टन से अधिक हो गया है और भारत चीन को पीछे छोड़ते हुए विश्व का अग्रणी चावल निर्यातक देश बन गया है। श्री चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 10 वर्षों में तीन हजार दो सौ से अधिक नई बीज किस्में विकसित की गई हैं।
श्री चौहान ने कहा कि सरकार यह सुनिश्चित करने के लिए काम कर रही है कि शुरू की गई विभिन्न योजनाएं तीन वर्षों के भीतर देशभर के किसानों तक पहुंचे। कृषि मंत्री ने बताया कि सरकार ने राज्यों के लिए कृषि कार्य योजना तैयार करने के लिए राष्ट्रीय रबी और खरीफ सम्मेलनों से पहले क्षेत्रीय सम्मेलनों के लिए छह क्षेत्र बनाए हैं। श्री चौहान ने यह भी कहा कि सरकार संसद के आगामी सत्र में बीज विधेयक पेश करने पर विचार कर रही है।