भारत का पहला विश्व ऑडियो विजुअल मनोरंजन शिखर सम्मेलन-वेव्स 2025 आज मुंबई के जियो वर्ल्ड कन्वेंशन सेंटर में संपन्न हुआ। बृहस्पतिवार को शुरू हुए चार दिन के इस शिखर सम्मेलन का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने किया। इसमें 90 से अधिक देशों के दस हजार से अधिक प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
शिखर सम्मेलन में मीडिया और मनोरंजन उद्योग के प्रतिभाशाली तथा प्रभावशाली लोगों ने भाग लिया। इस कार्यक्रम में मीडिया और मनोरंजन क्षेत्र में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, मीडिया का वैश्वीकरण, कंटेंट रचना का भविष्य और उभरती प्रौद्योगिकियों के गहन प्रभाव जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई। वेव्स बाज़ार में देशभर के रचनाकारों और फिल्म निर्माताओं के साथ एक हजार तीन सौ करोड़ रुपये से अधिक के व्यापारिक सौदे हुए।
शिखर सम्मेलन के दौरान ग्लोबल मीडिया डायलॉग में 77 देशों के प्रतिनिधियों ने वेव्स घोषणा को स्वीकार किया। इसमें प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इनमें पारंपरिक लोक नृत्यों, मार्शल आर्ट प्रदर्शनों और संगीत के माध्यम से भारत की विशाल कलात्मक विविधता को उजागर किया गया।