अगस्त 3, 2025 9:16 अपराह्न

printer

कोविड महामारी के बाद भी तेजी से बढ़ रही भारत की अर्थव्यवस्था: केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने महामारी के बाद भारत की बढ़ती आर्थिक मजबूती और तकनीकी प्रगति का उल्‍लेख करते हुए, नागरिकों से विकसित भारत के राष्ट्रीय मिशन में शामिल होने का आग्रह किया है।

   

उन्‍होंने गुजरात के भावनगर में व्‍यापारियों, दिग्‍गज कारोबारियों और नागरिकों के साथ “विकसित भारत संवाद” को संबोधित करते हुए कहा कि कोविड-19 के बाद जहां वैश्विक अर्थव्यवस्थाओं की विकास दर में गिरावट देखी गई वहीं भारत, दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था के रूप में गर्व से खड़ा है।

   

रेल मंत्री ने पूरी तरह से स्वदेशी वंदे भारत ट्रेन को भारतीय नवाचार और आधुनिक सुविधाओं का विश्वस्तरीय उदाहरण बताया।

   

संवाद सत्र के दौरान, स्थानीय हितधारकों ने मालगाड़ी रसीद-एफटीआर मुद्दों पर अपनी चिंताएं व्यक्त कीं। रेल मंत्री ने भविष्य में इनके समाधान का आश्वासन दिया। उन्होंने एक कंटेनर बंदरगाह की योजना की भी घोषणा की और भावनगर में एक आईटी पार्क के प्रस्ताव पर सकारात्मक प्रतिक्रिया व्यक्त की।

   

इस कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री डॉ. मनसुख मंडाविया, राज्य मंत्री निमुबेन बंभानिया, स्थानीय विधायक और भावनगर के व्यापारी तथा प्रबुद्ध नागरिक भी उपस्थित थे।