पेरिस ओलिंपिक में भारतीय पहलवान अमन सहरावत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुश्ती में पुरुषों की 57 किलोग्राम फ्रीस्टाइल स्पर्धा में कांस्य पदक जीता। सहरावत ने प्यूर्टो रिको के डेरियन क्रूज़ को 13-5 से हराया। यह पेरिस ओलिंपिक में भारत का छठा और कुश्ती में पहला पदक है। अमन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सेमीफाइनल में जगह बनाई। जहां, उन्हें जापान के री हिगुची से हार का सामना करना पड़ा। सहरावत ने अपने अभियान की शुरुआत उत्तरी मैसेडोनिया के व्लादिमीर एगोरोव के खिलाफ 10-0 से जीत के साथ की, जिसके बाद उन्होंने क्वार्टर फाइनल में अल्बानिया के ज़ेलिमखान अबकारोव के खिलाफ एक बार फिर तकनीकी श्रेष्ठता के आधार पर 12-0 से जीत हासिल की। अमन ने 21 साल और 24 दिन की आयु में भारत के सबसे कम आयु के पदक विजेता बनने के पी.वी सिंधु के रिकॉर्ड को भी पीछे छोड़ दिया है। भारत के पास अब पेरिस ओलिंपिक में पांच कांस्य पदक और एक रजत पदक है।
भारत की आखिरी दावेदार पहलवान रितिका हुडा आज महिलाओं की 76 किलोग्राम फ्रीस्टाइल स्पर्धा में अपना अभियान शुरू करेंगी। रितिका का पहला मुकाबला आज दोपहर ढाई बजे हंगरी की बर्नाडेट नेगी से होगा। गोल्फ में, अदिति अशोक और दीक्षा डागर का प्रदर्शन कल अच्छा नहीं रहा। आज दोपहर साढे 12 बजे ये दोनों खिलाड़ी स्पर्धा के अंतिम दौर में भाग लेंगे।