एशियाई खेलों के स्वर्ण पदक विजेता और भारतीय धावक जिन्सन जॉनसन ने आज संन्यास की घोषणा कर दी है। केरल के इस 34 वर्षीय एथलीट के करियर का सर्वश्रेष्ठ क्षण 2018 जकार्ता एशियाई खेलों में 1500 मीटर में तीन मिनट 44 दशमलव सात-दो सेकेंड के समय से स्वर्ण पदक जीतना रहा। इन्हीं खेलों में उन्होंने 800 मीटर में रजत पदक भी जीता था।
जॉनसन ने वर्ष 2018 में गुवाहाटी में राष्ट्रीय अंतर-राज्यीय चैंपियनशिप के दौरान एक मिनट 45 दशमलव छह-पांच सेकेंड के समय के साथ दिग्गज श्रीराम सिंह का 42 साल पुराना पुरुषों का 800 मीटर राष्ट्रीय रिकॉर्ड तोड़ा था।
ऑस्ट्रेलिया के गोल्ड कोस्ट 2018 राष्ट्रमंडल खेलों में जॉनसन ने तीन मिनट 37 दशमलव आठ-छह सेकेंड का समय निकालकर बहादुर प्रसाद का 23 साल पुराना 1500 मीटर राष्ट्रीय रिकॉर्ड तोड़ा। हालांकि वे फाइनल में पांचवें स्थान पर रहे थे।
बाद में उन्होंने अपने ही राष्ट्रीय रिकॉर्ड में दो बार सुधार किया, जिसमें 2019 में बर्लिन मीट में बनाया गया 3 मिनट 35 दशमलव दो-चार सेकेंड का समय उनका सर्वश्रेष्ठ रहा।