भारतीय रेलवे ने पूर्वी तट, दक्षिण मध्य और पश्चिमी रेलवे क्षेत्रों में 765 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से कई अवसंरचना और प्रौद्योगिकी उन्नयन परियोजनाओं को मंजूरी दी है। पूर्वी तट रेलवे के दुव्वाडा-विशाखापत्तनम-विजयनगरम खंड पर इलेक्ट्रिक ट्रैक्शन प्रणाली को उन्नत करने के लिए 318 करोड़ रुपये से अधिक की राशि स्वीकृत की गई है। इससे हावड़ा-चेन्नई कॉरिडोर पर माल ढुलाई क्षमता बढ़ेगी और ट्रेनों की गति में सुधार होगा।
रेलवे ने दक्षिण मध्य रेलवे के अंतर्गत 126 किलोमीटर लंबे रायचूर-गुंटकल खंड पर ट्रैक्शन प्रणाली को उन्नत करने के लिए 259 करोड़ रुपये से अधिक की राशि स्वीकृत की है। इस परियोजना से बिजली आपूर्ति क्षमता में सुधार होगा और मुंबई-चेन्नई मार्ग पर यात्री और मालगाड़ियों के तेज संचालन में मदद मिलेगी।
इसके अलावा, पश्चिमी रेलवे के वडोदरा और मुंबई डिवीजनों में एक हजार किलोमीटर ऑप्टिकल फाइबर केबल बिछाने के लिए 187 करोड़ रुपये की परियोजना को भी मंजूरी दी गई है। इस परियोजना का उद्देश्य डिजिटल संचार ढांचे को मजबूत करना और कवच जैसी स्वदेशी ट्रेन दुर्घटना निवारण तकनीक को बढ़ावा देना है।
रेलवे मंत्रालय ने कहा कि इन परियोजनाओं का उद्देश्य रेलवे संचालन को सुदृढ़ करना, माल ढुलाई क्षमता बढ़ाना और नेटवर्क के महत्वपूर्ण खंडों में संचार प्रणालियों का आधुनिकीकरण करना है।
News On AIR | मार्च 10, 2026 5:04 अपराह्न | Indian Railways
भारतीय रेलवे ने 765 करोड़ रुपये से अधिक की अवसंरचना व तकनीकी परियोजनाओं को मंजूरी दी