मार्च 27, 2026 8:13 अपराह्न

printer

भारतीय नौसेना की आईओएस सागर पहल ने क्षेत्रीय समुद्री सहयोग को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की

भारतीय नौसेना की आईओएस सागर पहल ने कोच्चि के दक्षिणी नौसेना कमान में गहन बंदरगाह प्रशिक्षण चरण के सफल समापन के साथ क्षेत्रीय समुद्री सहयोग में महत्वपूर्ण उपलब्धि प्राप्‍त की है।

रक्षा मंत्रालय ने कहा कि यह पहल हिंद महासागर क्षेत्र में सहयोगात्मक सुरक्षा और क्षमता निर्माण के लिए भारत की प्रतिबद्धता को सुदृढ़ करती है। 16 देशों के बहुराष्ट्रीय दल ने भारतीय नौसेना के प्रमुख व्यावसायिक विद्यालयों में दो सप्ताह की अवधि में गहन और व्यापक प्रशिक्षण प्राप्त किया। इसमें बदलते समुद्री वातावरण और समुद्री सुरक्षा खतरों, समुद्री डकैती, अवैध मछली पकड़ने और तस्करी सहित कई साझा चुनौतियों से निपटने के लिए प्रशिक्षण दिया गया।

बंदरगाह चरण के सफल समापन के बाद, आईओएस सागर अब परिचालन तैनाती चरण में प्रवेश करेगा, जिसमें समुद्र में संयुक्त गतिविधियाँ और पूरे क्षेत्र में बंदरगाहों पर सहभागिता शामिल होगी।

प्रशिक्षण कार्यक्रम को नौसेना संचालन के व्यापक क्षेत्र में मूलभूत और उन्नत दक्षताओं के निर्माण के लिए डिज़ाइन किया गया था। इसमें समुद्री कौशल, नौवहन, संचार प्रक्रियाएं, समुद्र में जीवन की सुरक्षा, अग्निशमन और क्षति नियंत्रण अभ्यास शामिल थे। रक्षा मंत्रालय ने कहा कि इन उन्नत सुविधाओं ने प्रतिभागियों को जटिल समुद्री परिस्थितियों का व्यावहारिक अनुभव प्रदान किया, जिससे नियंत्रित वातावरण में निर्णय लेने की क्षमता और परिचालन तत्परता में वृद्धि हुई।

आईओएस सागर पहल एक महासागर, एक मिशन की भावना का उदाहरण है। इसमें प्रतिभागियों ने असाधारण व्यावसायिकता, टीम वर्क और सौहार्द का प्रदर्शन किया।