भारतीय सेना की टुकड़ी भारत-थाईलैंड संयुक्त सैन्य अभ्यास मैत्री के 13वें संस्करण में हिस्सा लेने के लिए कल थाईलैंड पहुंची। यह अभ्यास 1 से 15 जुलाई तक थाईलैंड के ताक प्रांत के फोर्ट वाचिराप्रकन में आयोजित हो रहा है। रक्षा मंत्रालय ने कहा कि भारतीय सेना की 76 कर्मियों की इस टुकड़ी का प्रतिनिधित्व हथियारों और अन्य सेवाओं के कर्मियों के साथ लद्दाख स्काउट्स की एक बटालियन द्वारा किया जा रहा है।
रॉयल थाईलैंड सेना की टुकड़ी में मुख्य रूप से पहली बटालियन, 4 डिवीजन की 14 इन्फेंट्री रेजिमेंट के 76 कर्मी शामिल हैं।
मैत्री अभ्यास का उद्देश्य भारत और थाईलैंड के बीच सैन्य सहयोग को बढ़ावा देना है। मंत्रालय ने कहा, यह अभ्यास संयुक्त राष्ट्र चार्टर के अध्याय-आठ के तहत वन और शहरी क्षेत्र में विद्रोह और आतंकवादी अभियानों से निपटने में दोनों देशों की संयुक्त क्षमताओं को बढ़ाएगा। यह अभ्यास उच्च स्तर की फिटनेस, संयुक्त योजना और संयुक्त सामरिक अभ्यास पर केंद्रित होगा। मैत्री अभ्यास दोनों पक्षों को संयुक्त अभियानों के संचालन के लिए रणनीति, तकनीक और प्रक्रियाओं में अपनी सर्वोत्तम प्रथाओं को साझा करने में सक्षम बनाएगा।
इसी अभ्यास का अंतिम संस्करण सितंबर 2019 में उमरोई, मेघालय में आयोजित किया गया था।
 
									