सड़क परिवहन और राजमार्ग राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग एक राष्ट्रव्यापी आंदोलन बन गया है। यह युवाओं को शासन और नीतिगत चर्चाओं से जोड़ता है। श्री मल्होत्रा ने नई दिल्ली में आयोजित विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग 2026 को संबोधित करते हुए यह बात कही। उन्होंने कहा कि यह संवाद एक संरचित मंच प्रदान करता है जहां युवा अपनी राय व्यक्त कर सकते हैं, महत्वपूर्ण राष्ट्रीय चुनौतियों से जुड़ सकते हैं और आने वाले वर्षों के लिए समाधान सुझा सकते हैं।
राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा ने इस बात पर जोर दिया कि यह संवाद केवल एक उत्सव का मंच नहीं है, बल्कि एक रचनात्मक मंच है जो युवाओं को राष्ट्रीय नीतियों और प्राथमिकताओं को आकार देने में सार्थक रूप से भाग लेने में सक्षम बनाता है। उन्होंने उन युवाओं की सराहना की जो समुदायों के उत्थान, सामाजिक कार्यों की वकालत, विकासात्मक प्राथमिकताओं के समर्थन और सकारात्मक बदलाव को बढ़ावा देने में सक्रिय रूप से लगे हुए हैं।
राज्य मंत्री ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, कौशल और रोजगार के माध्यम से युवाओं को सशक्त बनाना एक राष्ट्रीय प्राथमिकता बनी हुई है। उन्होंने कहा कि रोजगार मेले, पीएम विश्वकर्मा, आईटीआई उन्नयन, रोजगार से जुड़ी प्रोत्साहन योजनाएं आदि कई प्रमुख पहलें आकांक्षा और अवसर के बीच के अंतर को पाटने में मदद कर रही हैं। श्री मल्होत्रा ने युवा नेताओं से नवाचार, उद्यमिता, कौशल विकास, सामाजिक सेवा और पर्यावरणीय जिम्मेदारी को बढ़ावा देने का भी आह्वान किया।