सरकार ने कहा है कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारत और पाकिस्तान के बीच सैन्य कार्रवाई रोकने पर सीधी बातचीत हुई थी। लोकसभा में आज विदेश राज्य मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह ने कहा कि भारत और पाकिस्तान की सेनाओं के बीच मौजूदा संचार माध्यमों के ज़रिए बातचीत हुई थी।
उन्होंने कहा कि युद्धविराम का अनुरोध पाकिस्तान ने किया था। तीसरे पक्ष की मध्यस्थता के बारे में कीर्ति वर्धन ने कहा कि भारत ने अमरीका के राष्ट्रपति समेत सभी देशों से स्पष्ट कर दिया है कि पाकिस्तान के साथ किसी भी मुद्दे पर केवल द्विपक्षीय बातचीत होगी। अमरीका द्वारा एफ-35 लड़ाकू विमानों की बिक्री के प्रस्ताव पर, उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर अभी तक कोई औपचारिक चर्चा नहीं हुई है।
श्री कीर्ति वर्धन ने कहा कि इस वर्ष 13 फ़रवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और श्री डॉनल्ड ट्रंप की मुलाक़ात के बाद जारी भारत-अमरीका संयुक्त वक्तव्य में इस बात का ज़िक्र है कि अमरीका भारत को एफ-35 लड़ाकू विमान और समुद्री प्रणालियाँ प्रदान करने की अपनी नीति की समीक्षा करेगा।