फ़रवरी 3, 2026 1:54 अपराह्न

printer

भारत-अमरीका व्यापार समझौता, वैश्विक व्यापार नेतृत्व के नए युग की शुरुआत: एसोचैम

एसोचैम ने कहा कि भारत-अमरीका व्यापार समझौते से वैश्विक व्यापार नेतृत्व के एक नए युग की शुरुआत हुई है। संगठन के अध्यक्ष निर्मल के. मिंडा ने कहा कि अगले 5 वर्षों में दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय व्यापार पांच सौ अरब डॉलर तक पहुंचने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि यह कदम भारत और अमरीका के बीच व्यापारिक गतिविधियों को अगले स्तर तक ले जाने का मार्ग प्रशस्‍त करता है।

श्री मिंडा ने कहा कि भारत को 18 प्रतिशत की दर के साथ बांग्लादेश, वियतनाम, श्रीलंका, ताइवान, पाकिस्तान, इंडोनेशिया, मलेशिया और थाईलैंड जैसे प्रमुख प्रतिस्पर्धी देशों की तुलना में कम टैरिफ दर का लाभ मिल रहा है। उन्‍होंने कहा ​​कि कनाडा और दक्षिण अफ्रीका जैसे प्रमुख निर्यातकों को भी उच्च शुल्क का सामना करना पड़ रहा है, इस तरह भारत अपेक्षाकृत लाभप्रद स्थिति में है। श्री मिंडा ने कहा कि यह ‘मेड इन इंडिया’ उत्पादों के लिए एक महत्वपूर्ण सुधार और बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि इससे भारत की निर्यात संभावनाओं में स्थायी रूप से बढोतरी होगी और वैश्विक व्यापार में हमारी नेतृत्व क्षमता मजबूत होगी।