भारत आज से विश्व मुक्केबाजी कप फाइनल्स की मेजबानी करेगा। यह प्रतियोगिता ग्रेटर नोएडा के शहीद विजय सिंह पथिक खेल परिसर में बृहस्पतिवार तक चलेगी। उद्घाटन समारोह शाम छह बजे होगा हालांकि, मुकाबले दोपहर दो बजे से शुरू हो जाएंगें।
यह 2025 विश्व मुक्केबाजी कप श्रृखंला का अंतिम चरण है। 18 देशों के लगभग 130 मुक्केबाज़ 20 श्रेणियों में प्रतिस्पर्धा करेंगें। इनमें वर्ष के 8 सर्वश्रेष्ठ मुक्केबाज़ शामिल हैं।
मेजबान भारत सभी 20 श्रेणियों में प्रतिस्पर्धा करेगा। मीनाक्षी हुड्डा, निकहत ज़रीन, जैस्मीन लैम्बोरिया और स्वीटी बूरा जैसी शीर्ष महिला मुक्केबाज़ भारतीय चुनौती पेश करेंगी। वहीं, पुरुष मुक्केबाजों में अभिनाश जामवाल और हितेश रिंग में उतरेंगे।
भारतीय मुक्केबाजी महासंघ के अध्यक्ष अजय सिंह ने भारत में पहली बार फाइनल की मेजबानी पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि देश की मुक्केबाजी रैंकिंग में सुधार हुआ है और उन्हें भारतीय टीम से अच्छे पदक की उम्मीद है।
2023 में विश्व चैंपियनशिप की मेजबानी के बाद, यह भारत का घरेलू मैदान पर पहला बड़ा अंतरराष्ट्रीय मुक्केबाजी आयोजन है। यह विश्व मुक्केबाजी में देश की बढ़ती ख्याति दर्शाता है।