भारत ने स्विट्जरलैंड को 5-0 से हराकर एफआईएच पुरुष जूनियर हॉकी विश्व कप 2025 के क्वार्टर फाइनल में जगह पक्की कर ली। तमिलनाडु के मदुरै अंतर्राष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में भारत के मनमीत और शारदा नंद तिवारी ने 2-2 और अर्शदीप सिंह ने एक गोल किया।
भारत तीन मैचों में नौ अंकों के साथ पूल बी में शीर्ष पर रहा। शारदा नंद को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। रोहित की अगुवाई वाली भारतीय टीम शुक्रवार को चेन्नई में क्वार्टर फाइनल में बेल्जियम से भिड़ेगी। भारत इससे पहले वर्ष 1997 और 2016 में जूनियर हॉकी विश्व कप जीत चुका है।
वहीं, दूसरी ओर महिला एफआईएच हॉकी जूनियर विश्व कप में भारत आज अपने दूसरे पूल मैच में जर्मनी का सामना करेगा। इससे पहले सोमवार को, भारत ने अपने अभियान की शानदार शुरुआत करते हुए नामीबिया को 13-0 से पराजित किया था। हिना बानो और कनिका सिवाच ने हैट्रिक दर्ज की।
ज्योति सिंह की कप्तानी वाली भारतीय टीम पूल ‘सी’ में जर्मनी, आयरलैंड और नामीबिया के साथ मिल है। भारत फिलहाल अपने पूल की अंक तालिका में शीर्ष स्थान पर है। जर्मनी ने अपने पहले मैच में आयरलैंड को 7-1 से हराया था।