जनवरी 28, 2026 7:51 अपराह्न | India-Saudi Arabia

printer

भारत-सऊदी अरब ने परस्पर सुरक्षा सहयोग की व्यापक समीक्षा की

भारत और सऊदी अरब ने परस्‍पर सुरक्षा सहयोग की व्यापक समीक्षा की है। आज रियाद में सामरिक साझेदारी परिषद और सुरक्षा सहयोग समिति के अंतर्गत भारत-सऊदी अरब सुरक्षा कार्य समूह की तीसरी बैठक में यह चर्चा हुई। इस अवसर पर दोनों पक्षों ने सीमा पार आतंकवाद, पिछले वर्ष 22 अप्रैल को हुए पहलगाम आतंकी हमले और 10 नवंबर को नई दिल्ली के लाल किले के पास हुई आतंकी घटना सहित आतंकवाद के सभी रूपों और अभिव्यक्तियों की कड़ी निंदा की।
विदेश मंत्रालय के बयान में कहा गया है कि बैठक में दोनों पक्षों ने वैश्विक स्तर पर और अपने-अपने क्षेत्रों में आतंकवादी समूहों से होने वाले खतरों पर विचार-विमर्श किया। दोनों देशों ने उग्रवाद का मुकाबला करने, आतंकवाद के वित्तपोषण और गतिविधियों के लिए प्रौद्योगिकी के इस्‍तेमाल को रोकने और अंतरराष्ट्रीय संगठित अपराध सहित आतंकवाद की वर्तमान और उभरती चुनौतियों में सहयोग बढ़ाने पर विचार साझा किए। इस अवसर पर कानूनी और न्यायिक स्‍तर पर सहयोग को मजबूत करने के उपायों पर भी विचार-विमर्श किया गया।
बैठक की सह-अध्यक्षता विदेश मंत्रालय में आतंकवाद विरोधी विभाग के संयुक्त सचिव डॉ. विनोद बहादे और सऊदी अरब के गृह मंत्रालय के कानूनी मामलों और अंतर्राष्ट्रीय सहयोग के महानिदेशक अहमद अल-ईसा ने की।