जनवरी 29, 2026 12:54 अपराह्न

printer

गजा संघर्ष को समाप्‍त करने में अमरीका के प्रयासों की भारत ने सराहना

गजा शांति समझौते के दूसरे चरण में पहुंचने पर भारत ने गजा संघर्ष को समाप्‍त करने में अमरीका के प्रयासों की सराहना की है। पश्चिम एशिया की स्थिति पर संयुक्‍त राष्‍ट्र सुरक्षा परिषद में चर्चा के दौरान भारत के स्‍थायी प्रतिनिधि पी० हरीश ने, हमास का नाम लिए बिना आतंकवाद की निंदा की। उन्‍होंने कहा कि वर्ष 2023 में इस्राइल पर हुए हमलों की वजह से गजा संकट की शुरूआत हुई। श्री हरीश ने कहा कि आतंकवाद का सभ्‍यागत समाजों में कोई स्‍थान नहीं है और इसके सभी रूपों और अभिव्‍यक्तियों में आलोचना की जानी चाहिए।

श्री हरीश ने गजा पर नवम्‍बर में सुरक्षा परिषद के संकल्‍प को लागू करने में हुई प्रगति का उल्‍लेख किया और कहा कि भारत, इस दीर्घकालीन मुद्दे का समाधान निकालने में अमरीका की प्रशंसा करता है। उन्‍होंने, इस दौरान अमरीका के राष्‍ट्रपति डॉनल्‍ड ट्रंप का नाम नहीं लिया, जिन्‍होंने संघर्ष समाप्‍त करने का व्‍यक्तिगत रूप से श्रेय लिया है। श्री हरीश ने कहा कि भारत दो राष्‍ट्र समाधान का समर्थन करता है।