भारत ने आज नेपाल को चुनाव संबंधी सहायता की तीसरी किस्त सौंपी। नेपाल स्थित भारतीय उच्चायोग ने बताया कि राजदूत नवीन श्रीवास्तव ने आगामी चुनाव की तैयारियों के लिए नेपाल द्वारा मांगी गई सहायता के अनुसार 270 से अधिक वाहन और अन्य सामग्री सौंपी। नेपाल के गृह मंत्री ओम प्रकाश आर्यल ने काठमांडू में यह सहायता प्राप्त की। सहायता में नेपाली सेना के लिए 50 ट्रक शामिल हैं। इन्हें सेना प्रमुख जनरल अशोक राज सिगदेल ने प्राप्त किया। नेपाल के गृह मंत्री ने समय पर और महत्वपूर्ण सहायता के लिए भारत का आभार व्यक्त किया। उन्होंने दोनों देशों के बीच पारस्परिक रूप से लाभकारी और व्यापक सहयोग की सराहना भी की, जो आपसी विश्वास, मित्रता और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति साझा प्रतिबद्धता पर आधारित है।
भारत ने इस वर्ष 20 और 29 जनवरी को नेपाल को चुनाव संबंधी सहायता की पहली दो किश्तें सौंपीं थीं। इनमें 310 से अधिक वाहन और अन्य सामग्रियां शामिल थीं। आने वाले दिनों में कुछ और सामग्रियां भी सौंपी जाने की उम्मीद है।