इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी तथा सूचना और प्रसारण तथा रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा है कि भारत सेमीकंडक्टर विनिर्माण पारिस्थितिकी तंत्र के विकास में महत्वपूर्ण प्रगति कर रहा है। भारत की यह प्रगति अन्य देशों को संपूर्ण समाधान प्रदान कर सकती है। उन्होंने आज बेंगलुरु में क्वालकॉम निर्मित 2 नैनोमीटर सेमीकंडक्टर चिप का अनावरण करने के बाद संवाददाताओं को संबोधित किया। श्री वैष्णव ने विश्वास व्यक्त किया कि भारत आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और सेमीकंडक्टर क्षेत्र में वैश्विक स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने में सक्षम होगा।
सेमीकंडक्टर क्षेत्र में दस लाख प्रतिभाओं की कमी बताते हुए श्री वैष्णव ने कहा कि इस प्रतिभा की मांग का अधिकांश हिस्सा भारत देश के भीतर और बाहर दोनों जगह से पूरा करेगा। उन्होंने बताया कि सेमीकंडक्टर में 85 हजार इंजीनियरों को प्रशिक्षित करने का लक्ष्य रखा गया था और केवल चार वर्षों में देश में 67 हजार इंजीनियरों को इस विशेषज्ञता में प्रशिक्षित किया जा चुका है। देश में तीन सौ 15 विश्वविद्यालय हैं जहां विद्यार्थी चिप निर्माण प्रक्रियाओं को डिजाइन, विकसित और मान्य कर रहे हैं। सेमीकंडक्टर 2.0 के अन्तर्गत चिप डिजाइन, उपकरण और सामग्री निर्माण, और चिप से लेकर मदरबोर्ड तक संपूर्ण प्रणाली को डिजाइन करने में सक्षम प्रतिभाओं का समूह तैयार करने पर ध्यान केंद्रित करते हुए एक स्पष्ट रूपरेखा तैयार की गई है। उन्होंने कहा कि इस मार्ग से देश 7, 3 और 2 नैनोमीटर चिप्स का निर्माण देश के भीतर ही कर सकेगा। वैश्विक स्तर पर बदलते परिदृश्य में सूचना प्रौद्योगिकी-आईटी कंपनियों के परिवर्तन के बारे में श्री वैष्णव ने कहा कि इन कंपनियों को सॉफ्टवेयर आधारित समाधानों से एआई आधारित समाधानों की ओर विविधता लाने के लिए सरकार, शिक्षा जगत और आईटी उद्योग के बीच संवाद स्थापित किया जा रहा है।
News On AIR | फ़रवरी 7, 2026 7:15 अपराह्न | India Making Major Progress in Semiconductor Manufacturing
भारत सेमीकंडक्टर विनिर्माण पारिस्थितिकी तंत्र में तेज़ी से कर रहा है प्रगति: केन्द्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव