उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन ने कहा है कि महिलाओं के सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता के माध्यम से भारत प्रगति कर रहा है। उपराष्ट्रपति ने यह बात आज त्रिपुरा के हापानिया स्थित अंतर्राष्ट्रीय मेला मैदान में लखपति दीदियों और स्वयं सहायता समूह की सदस्यों के साथ एक संवाद कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रत्येक नागरिक को समान अवसर प्रदान करने के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दृष्टिकोण को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर उपराष्ट्रपति ने लखपति दीदियों के प्रति आभार व्यक्त किया और कामना की कि वे भविष्य में करोड़पति दीदियां बनें। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. माणिक साहा के नेतृत्व में राज्य की महिलाएं आत्मनिर्भरता की दिशा में और आगे बढ़ेंगी।
श्री राधाकृष्णन ने कहा कि पिछले दस वर्षों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के विकास के केंद्र में महिलाओं की उपलब्धियों को रखने पर विशेष ध्यान दिया है।
इस अवसर पर राज्यपाल इंद्रसेना रेड्डी नल्लू, मुख्यमंत्री डॉ. माणिक साहा और ग्रामीण विकास सचिव अभिषेक सिंह ने भी सभा को संबोधित किया। बाद में, उपराष्ट्रपति ने स्वयं सहायता समूहों द्वारा निर्मित उत्पादों को प्रदर्शित करने वाले स्टालों का दौरा किया।