फ़रवरी 6, 2026 8:17 पूर्वाह्न

printer

भारत वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धा के लिए पूरी तरह से तैयार है: प्रधानमंत्री मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विश्‍वास व्‍यक्‍त किया है कि भारत वेश्विक स्‍तर पर मुकाबले के लिए पूरी तरह तैयार है और आत्मविश्वास तथा निर्णायक नीतिगत सुधारों के साथ तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की ओर अग्रसर है। उन्होंने कहा कि सरकार सुधार, निष्‍पादन और रूपांतरण के द्रृष्टिकोण के साथ आगे बढ़ रही है और देश रिफॉर्म एक्सप्रेस पर सवार हो गया है। वे राज्यसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा का जवाब दे रहे थे।

    यूरोपीय संघ और अमरीका सहित कई देशों के साथ हुए व्‍यापार समझौते पर, प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि देश ने नौ देशों के साथ व्‍यापार समझौतों को अंतिम रूप दे दिया है और हाल में यूरोपीय संघ के 27 देशों के साथ सबसे बड़े सौदे पूरे किए है। उन्होंने कहा कि देश ने एक मजबूत विनिर्माण पारिस्थितिकी तंत्र बनाया है और अपने उद्यमियों को सहयोग दे रहा है। प्रधानमंत्री ने कहा कि दुनिया आशा भरी नजरों से भारत की ओर देख रही है क्योंकि देश के पास असीम युवा प्रतिभा है। उन्होंने कहा कि दुनिया तेजी से एक नई वैश्विक व्यवस्था की ओर बढ़ रही है तथा भारत कई देशों के लिए भरोसेमंद भागीदार के रूप में उभरा है।

    प्रधानमंत्री ने कहा कि अमरीका के साथ व्यापार समझौते के बाद दुनिया का आत्मविश्वास और भी बढ़ गया है, जो दुनिया के लिए एक सकारात्मक संकेत है। उन्‍होंने कहा कि भारत कई देशों का भरोसेमंद साझेदार है क्योंकि यह विश्व कल्याण में भूमिका निभा रहा है और वैश्विक मंचों पर ग्लोबल साउथ की सशक्त आवाज बनकर उभरा है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि बड़े देश भारत के साथ व्यापारिक संबंध स्थापित करने के लिए उत्सुक हैं।

    प्रधानमंत्री ने कहा कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने संसद के संयुक्त सत्र में अपने संबोधन के दौरान, विकसित भारत की ओर देश की यात्रा में पिछले एक साल में हुई तेज प्रगति पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में शामिल भारत का विकास बहुत अधिक है और महंगाई कम है। यह भारतीय अर्थव्यवस्था की मजबूती को दिखाता है। पिछली यूपीए सरकार पर निशाना साधते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि 2014 से पहले अर्थव्यवस्था नाजुक पांच देशों में शामिल थी, लेकिन अब देश तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की ओर अग्रसर है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में अपने कार्यकाल के दौरान दृष्टिकोण और दृढ़ संकल्प की कमी थी।

    प्रधानमंत्री ने कल लोकसभा में कार्यवाही के दौरान कांग्रेस पार्टी के व्यवहार पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि यह राष्ट्रपति कार्यालय, जनजातीय समुदायों और संविधान का अपमान है। प्रधानमंत्री मोदी ने संसद भवन परिसर में केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी करने के लिए लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी की भी आलोचना की। उन्होंने इन अपमानजनक टिप्पणियों को सिख समुदाय का अपमान बताते हुए कहा कि इस तरह का व्यवहार दुर्भाग्यपूर्ण है। प्रधानमंत्री ने तृणमूल कांग्रेस के नेतृत्व वाली पश्चिम बंगाल सरकार पर घुसपैठियों को बचाने और अदालतों पर दबाव बनाने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि घुसपैठिये देश के युवाओं के अधिकार छीन रहे हैं।

    कई कल्याणकारी योजनाओं की उपलब्धियों का उल्‍लेख करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि मुद्रा योजना के तहत देश के युवाओं को 30 लाख करोड़ रुपये से अधिक का प्रतिभूति सुरक्षा मुक्त ऋण प्रदान किया गया है। उन्होंने कहा कि इन ऋणों का एक बड़ा हिस्सा महिलाओं द्वारा लिया गया था।

    महिला स्वयं सहायता समूहों के विस्तार के अलावा सरकार ने 10 करोड़ महिलाओं को सीधे वित्तीय सहायता प्रदान की है, जिससे उन्हें लखपति दीदी बनने में मदद मिली है। प्रधानमंत्री ने कहा कि गैर-निष्पादित परिसंपत्तियां जो यूपीए के शासनकाल में अपने उच्चतम स्तर पर थीं, अब अपने सबसे निचले स्तर पर आ गई हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान में ये परिसंप‍त्तियां एक प्रतिशत से नीचे है जो बैंकों की अच्‍छी स्थिति को दर्शाता है। प्रधानमंत्री ने कहा कि प्रगति मंच के तहत 85 हजार करोड़ रुपये की परियोजनाओं की समीक्षा की गई और काम में तेजी लाई गई।

    प्रधानमंत्री के भाषण के दौरान विपक्ष सदन छोड़कर चला गया।

    राष्‍ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने 28 जनवरी को संसद के दोनों सदनों की संयुक्‍त बैठक को संबोधित किया था। भारतीय जनता पार्टी की माया नारोलिया ने इस पर चर्चा में भाग लेते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी के नेतृत्‍व में देश 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्‍य की दिशा में लगातार आगे बढ रहा है। उन्‍होंने कहा कि आज स्‍वास्‍थ्‍य सेवाएं एक लाख से अधिक आयुष्‍मान आरोग्‍य मंदिर के माध्‍यम से देश के गांवों तक पहुंच चुकी हैं। किसानों को सरकार की मुख्‍य प्राथमिकता बताते हुए माया नारोलिया ने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्‍मान निधि योजना के अंतर्गत लगभग चार लाख करोड़ रुपये किसानों के बैंक खातों में सीधे जमा किये गये हैं। उन्‍होंने कहा कि भारत का अनाज उत्‍पादन 33 करोड़ टन से अधिक हो चुका है। देश विश्‍व में चावल का सबसे बड़ा उत्‍पादनकर्ता बन चुका है।

    आम आदमी पार्टी के संदीप कुमार पाठक ने आरोप लगाया कि देश में सभी संस्‍थानों का दुरुपयोग किया जा रहा है। तेलुगु देशम पार्टी के सदस्‍य के. आर. सुरेश ने कहा कि वस्‍तु और सेवाकर में किये गये सुधार सराहनीय हैं। उन्‍होंने कहा कि चौबीस करोड़ से अधिक नागरिकों को निर्धनता से उबारना और जल जीवन मिशन के अंतर्गत नल से जल का कनेक्‍शन प्रदान किया जाना सराहनीय है। अन्‍य राजनीतिक दलों के सदस्‍यों ने भी चर्चा में भागीदारी की।

    प्रधानमंत्री के जवाब के बाद, राज्यसभा ने राष्ट्रपति के अभिभाषण पर ध्वनि मत से धन्यवाद प्रस्ताव पारित किया। लोकसभा ने भी आज सवेरे ही धन्यवाद प्रस्ताव पारित कर दिया था। बाद में राज्यसभा की कार्यवाही दिनभर के लिए स्थगित कर दी गई।

सर्वाधिक पठित
सम्पूर्ण जानकारी arrow-right

कोई पोस्ट नहीं मिला