फ़रवरी 10, 2026 2:04 अपराह्न

printer

भारत ने 272 गीगावाट नवीकरणीय ऊर्जा क्षमता हासिल कर ली: केन्द्रीय मंत्री प्रल्हाद जोशी

केन्द्रीय नवीन और नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री प्रल्हाद जोशी ने कहा है कि भारत ने अब तक कुल 272 गीगावाट नवीकरणीय ऊर्जा क्षमता हासिल कर ली है। राज्यसभा में एक प्रश्न के लिखित उत्तर में श्री जोशी ने कहा कि कांग्रेस शासन के दौरान देश की नवीकरणीय ऊर्जा क्षमता केवल 81 गीगावाट थी। उन्होंने बताया कि सौर ऊर्जा क्षमता अब बढ़कर 136 गीगावाट हो गई है। उन्होंने कहा कि भारत आज विश्व में नवीकरणीय ऊर्जा का तीसरा सबसे बड़ा उत्पादक देश बनकर उभरा है।

श्री जोशी ने कहा कि पीएम कुसुम योजना से देश भर के लोगों को लाभ मिल रहा है और ग्रामीण क्षेत्रों में इसकी सफलता को देखते हुए कई राज्य इसके विस्तार की मांग कर रहे हैं। इस योजना में सौर पंपों की स्थापना, ग्रिड से जुड़े मौजूदा कृषि पंपों का सौर ऊर्जा से संचालन और ग्रिड से जुड़े नवीकरणीय ऊर्जा संयंत्रों की स्थापना का प्रावधान है।

श्री जोशी ने कहा कि हरित हाइड्रोजन के क्षेत्र में वैश्विक भविष्य को आकार देने में भारत अग्रणी भूमिका निभा रहा है। उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष नवंबर तक, देश भर में कुल 8 हजार 300 टन प्रति वर्ष की क्षमता वाली 21 हरित हाइड्रोजन परियोजनाएं शुरू की जा चुकी हैं।