प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि देश के युवा आज साहस और प्रतिबद्धता को राष्ट्र-प्रथम की सोच के साथ परिभाषित करते हैं। नई दिल्ली के करियप्पा परेड ग्राउंड में आज वार्षिक एनसीसी पीएम रैली को संबोधित करते हुए, प्रधानमंत्री ने कहा कि एनसीसी एक ऐसा आंदोलन है जो भारत के युवाओं को आत्मविश्वासी, अनुशासित और राष्ट्र के प्रति समर्पित संवेदनशील नागरिक बनाता है।
देश भर के कैडेटों और अधिकारियों को बधाई देते हुए, प्रधानमंत्री ने खुशी जताई कि इस साल लड़की कैडेटों की भागीदारी में काफी बढ़ोतरी हुई है।
हाल ही में हुए भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौते को लेकर श्री मोदी ने कहा कि यह समझौता भारत की रचनात्मक अर्थव्यवस्था को भी बढ़ावा देगा।
प्रधानमंत्री ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर ने भारत की सेना और सशस्त्र कर्मियों की ताकत और बहादुरी को दिखाया है। श्री मोदी ने कहा कि विकसित भारत सिर्फ़ आर्थिक समृद्धि तक ही सीमित नहीं है और नागरिकों से राष्ट्रीय कर्तव्यों को पूरा करने को सबसे ज़्यादा प्राथमिकता देने का आग्रह किया।
इस मौके पर, एनसीसी कैडेटों, राष्ट्रीय रंगशाला और राष्ट्रीय सेवा योजना के सदस्यों ने एक शानदार सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किया, जिसमें राष्ट्र निर्माण, समाज सेवा और चरित्र विकास में उनकी भूमिका को दिखाया गया।
एनसीसी पीएम रैली एक महीने तक चलने वाले एनसीसी गणतंत्र दिवस कैंप 2026 का भव्य समापन है। इसमें देश भर से 898 लड़की कैडेटों सहित 2 हज़ार 406 एनसीसी कैडेटों ने हिस्सा लिया। रैली में 21 विदेशी देशों के कुल 207 युवा और अधिकारी हिस्सा ले रहे हैं। इस साल की रैली का थीम है राष्ट्र प्रथम – कर्तव्यनिष्ठ युवा। एनसीसी पीएम रैली के दौरान, एनसीसी कैडेटों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम भी पेश किए। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी इस मौके पर मौजूद हैं।