भारत ने संयुक्त राष्ट्र की स्थायी सदस्यता को सभी प्रतिनिधियों के लिए और अधिक प्रभावी बनाने का आह्वान किया है। भारत ने विशेष तौर पर अफ्रीका के पक्ष का उल्लेख करते हुए कहा कि सुरक्षा परिषद में राजनीतिक मतभेद, शांति अभियानों को प्रभावित कर रहा है।
कल सुरक्षा परिषद में अपना पहला संबोधन देते हुए संयुक्त राष्ट्र में भारत के नवनियुक्त स्थायी प्रतिनिधि पी. हरीश ने कहा कि सुरक्षा परिषद में राजनीतिक तालमेल की कमी है। इस कारण संयुक्त राष्ट्र के शांति अभियानों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ा है। सुरक्षा परिषद को स्थायी श्रेणी में वर्तमान परिदृश्य में अधिक प्रतिनिधित्वशाली बनाने की आवश्यकता है।
शांति स्थापना अभियानों को मजबूत करने पर चर्चा में भाग लेते हुए श्री हरीश ने कहा कि भारत शांति स्थापना का सबसे बड़ा पक्षधर है। भारत ने पिछले सात दशकों में 50 से अधिक अभियानों में सवा लाख से अधिक सैनिकों को तैनात किया है।