मई 6, 2025 8:54 अपराह्न

printer

भारत और ब्रिटेन ने मुक्त-व्यापार और दोहरे-योगदान समझौते को संपन्न किया

भारत और ब्रिटेन ने एक ऐतिहासिक उपलब्धि के अंतर्गत महत्वाकांक्षी और पारस्परिक रूप से लाभकारी मुक्त व्यापार समझौते के साथ-साथ दोहरे योगदान समझौते को सफलतापूर्वक संपन्न किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टारमर ने आज टेलीफोन पर बातचीत में मुक्त व्यापार समझौते के सफल समापन का स्वागत किया।

 

श्री मोदी ने कहा कि ये ऐतिहासिक समझौते भारत-ब्रिटेन व्यापक रणनीतिक साझेदारी को और बढाएंगे तथा व्यापार, निवेश, विकास, रोजगार सृजन और नवाचार को बढावा देंगे।

 

श्री स्टारमर ने कहा कि एक मजबूत और अधिक सुरक्षित अर्थव्यवस्था के लिए उनकी योजना के अंतर्गत दुनियाभर की अर्थव्यवस्थाओं के साथ गठजोड़ को मजबूत करना और व्यापार बाधाओं को कम करना शामिल है। दोनों नेता इस बात पर सहमत हुए कि दोनों आर्थिक और वाणिज्यिक संबंधों का विस्तार तेजी से मजबूत और बहुमुखी साझेदारी की आधारशिला है।

 

दोनों नेताओं ने इस बात पर भी सहमति व्‍यक्‍त की कि दुनिया की दो बड़ी और खुली बाजार अर्थव्यवस्थाओं के बीच ऐतिहासिक समझौते व्यवसायों के लिए नए अवसर बनाएंगे, आर्थिक संबंधों को मजबूत करेंगे और लोगों के बीच संबंध बढाएंगे।

 

वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने भी इन समझौतों की सराहना करते हुए कहा कि ये दो बड़ी अर्थव्यवस्थाओं के बीच न्यायसंगत और महत्वाकांक्षी व्यापार के लिए एक नया मानदंड स्थापित करेंगे।

सर्वाधिक पठित
सम्पूर्ण जानकारी arrow-right

कोई पोस्ट नहीं मिला