भारत और ताजिकिस्तान ने कल ताजिकिस्तान के दुशांबे में विदेश कार्यालय परामर्श के पांचवें दौर का आयोजन किया। परामर्श की सह-अध्यक्षता विदेश सचिव (पश्चिम) राजदूत सिबी जॉर्ज और ताजिकिस्तान के उप विदेश मंत्री इदिबेक कलंदर ने की। इस दौरान दोनों पक्षों ने राजनीतिक, रक्षा, सुरक्षा, व्यापार, अर्थव्यवस्था, संस्कृति, शिक्षा और कांसुलर मामलों के क्षेत्र में द्विपक्षीय सहयोग की व्यापक समीक्षा की। दोनों पक्षों ने बहुपक्षीय ढांचों के भीतर सहयोग पर भी चर्चा की और पारस्परिक हित के क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर विचारों का आदान-प्रदान किया। विदेश सचिव (पश्चिम) ने ताजिकिस्तान के विदेश मंत्री सिरोजिद्दीन मुहरिद्दीन से मुलाकात की। बैठक में दोनों पक्षों ने पारस्परिक रूप से लाभकारी साझेदारी को और मजबूत करने और द्विपक्षीय जुड़ाव के दायरे को व्यापक बनाने के तरीकों पर चर्चा की। श्री जॉर्ज ने दुशांबे में भारतीय समुदाय के साथ भी बातचीत की और दोनों देशों के संबंधों को मजबूत करने में उनके योगदान की सराहना की।