भारत और सिंगापुर ने कल नई दिल्ली में व्यापार और निवेश पर अपने संयुक्त कार्य समूह की चौथी बैठक आयोजित की। बैठक की सह-अध्यक्षता भारत के वाणिज्य विभाग के विशेष सचिव राजेश अग्रवाल और सिंगापुर के व्यापार और उद्योग मंत्रालय के स्थायी सचिव डॉ. बेह स्वान जिन ने की।
बैठक में व्यापार और निवेश संबंधों को मज़बूत करने, रसद और आपूर्ति में सुधार, नियमों को सरल बनाने और सीमा पार व्यापार को बढ़ावा देने पर चर्चा हुई। दोनों देशों ने सेमीकंडक्टर उद्योग और डिजिटल व्यापार में चल रहे सहयोग के साथ-साथ कौशल विकास और क्षमता निर्माण जैसे नए क्षेत्रों की खोज पर भी चर्चा की।
इस बैठक में इस बात पर सहमति बनी कि इन विचारों को वास्तविकता में बदलने के लिए और अधिक नियमित वार्ताएं होनी चाहिए।
इस वर्ष भारत और सिंगापुर के बीच राजनयिक संबंधों के 60 वर्ष पूरे हो रहे हैं। साथ ही भारत और सिंगापुर के बीच व्यापक आर्थिक सहयोग समझौते पर हस्ताक्षर हुए भी 20 वर्ष पूरे हो रहे हैं।