जनवरी 1, 2026 4:28 अपराह्न | civilian prisoners | custody | Fishermen | India | Pakistan

printer

भारत और पाकिस्तान ने एक-दूसरे की हिरासत में मौजूद नागरिक कैदियों और मछुआरों की सूचियाँ साझा कीं

भारत और पाकिस्तान ने आज राजनयिक चैनलों के माध्यम से एक-दूसरे की हिरासत में मौजूद नागरिक कैदियों और मछुआरों की सूचियाँ साझा कीं। विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि भारत ने अपनी हिरासत में मौजूद तीन सौ 91 नागरिक कैदियों और 33 मछुआरों की सूचियाँ साझा की हैं। ये पाकिस्तानी हैं या इनके पाकिस्तानी होने का संदेह है। वहीं, पाकिस्तान ने अपनी हिरासत में मौजूद 58 नागरिक कैदियों और एक सौ 99 मछुआरों की सूचियाँ साझा की हैं, जो भारतीय हैं या जिनके भारतीय होने का संदेह है।

भारत ने पाकिस्तान की हिरासत से नागरिक कैदियों, मछुआरों और उनकी नौकाओं को शीघ्र रिहा करने और स्वदेश वापस भेजने की मांग की है, साथ ही लापता भारतीय रक्षा कर्मियों की भी मांग की है। पाकिस्तान से भी सजा पूरी कर चुके एक सौ 67 भारतीय मछुआरों और नागरिक कैदियों की रिहाई और स्वदेश वापसी में तेजी लाने को कहा गया है। इसके अलावा, पाकिस्तान से उसकी हिरासत में मौजूद 35 नागरिक कैदियों और मछुआरों को तत्काल कांसुलर पहुँच उपलब्‍ध कराने को कहा गया है, जिनके भारतीय होने का संदेह है और जिन्हें अभी तक कांसुलर पहुँच नहीं दी गई है। भारत ने पाकिस्तान से यह सुनिश्चित करने को कहा है कि सभी भारतीय और भारतीय माने जाने वाले नागरिक कैदियों और मछुआरों की रिहाई और भारत वापसी तक उनकी सुरक्षा, संरक्षा और कल्याण सुनिश्चित किया जाए।

मंत्रालय ने बताया कि सरकार के निरंतर प्रयासों के परिणामस्वरूप, 2014 से अब तक पाकिस्तान से दो हजार छह सौ 61 भारतीय मछुआरों और 71 भारतीय नागरिक कैदियों को वापस लाया गया है। इसमें 2023 से अब तक पाकिस्तान से वापस लाए गए पांच सौ भारतीय मछुआरे और 13 भारतीय नागरिक कैदी भी शामिल हैं।

 

 

सर्वाधिक पठित
सम्पूर्ण जानकारी arrow-right

कोई पोस्ट नहीं मिला