अप्रैल 11, 2025 6:26 अपराह्न

printer

विभिन्न क्षेत्रों में प्रभावशाली साझेदारी को व्यापक रणनीतिक संबंध में बदलने के लिए काम कर रहे हैं भारत और इटलीः पीयूष गोयल

वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहा है कि भारत और इटली विभिन्न क्षेत्रों में प्रभावशाली साझेदारी को व्यापक रणनीतिक संबंध में बदलने के लिए काम कर रहे हैं। श्री गोयल ने नई दिल्ली में आज इटली के उप प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री एंतोनियो तजानी के साथ संयुक्त संवाददाता सम्मेलन को संबोधित किया।

 

श्री गोयल ने कहा कि व्यापक रणनीतिक संबंध वर्तमान द्विपक्षीय व्यापार को महत्वपूर्ण रूप से बढ़ावा देंगे। उन्‍होंने कहा कि दोनों देशों के बीच आपसी व्‍यापार 15 अरब डॉलर होने की संभावना है। श्री गोयल ने कहा कि दोनों देशों के बीच व्यापार, विज्ञान, प्रौद्योगिकी, नवाचार और शिक्षा सहित सहयोग के कई क्षेत्र हैं।

 

उन्‍होंने कहा कि दोनों देश भारत-मध्य पूर्व-यूरोप आर्थिक गलियारे और वैश्विक जैव ईंधन गठबंधन पर सहयोग कर रहे हैं। श्री गोयल ने कहा कि भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौते पर सक्रिय रूप से बातचीत चल रही है। उन्होंने पर्यटन, अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी, रक्षा उत्पादन, जहाज निर्माण और गैर-प्रमुख व्यापार क्षेत्रों में सहयोग की अपार संभावनाओं पर प्रकाश डाला।   

 

इटली के उप प्रधान मंत्री एंतोनियो तजानी ने कहा कि आज भारत और इटली के बीच सहयोग के लिए बहुत महत्वपूर्ण दिन है। उन्होंने कहा कि दोनों पक्षों ने बहुत सकारात्मक राजनीतिक बैठकें कीं।

 

श्री एंतोनियो ने कहा कि दोनों देशों के बीच व्यापार और मजबूत करने के उद्देश्य से मिलकर काम कर रहे हैं।