संसद में आज 2025-26 के दूसरे चरण के अनुपूरक अनुदान मांगों पर चर्चा होगी और उस पर मतदान होगा। वित्त मंत्री निर्मला सीतारामन चर्चा का जवाब देंगी। राज्य सभा में आज भी ग्रामीण विकास मंत्रालय के कामकाज पर चर्चा होगी।
कल लोकसभा में पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष से उत्पन्न वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति में बाधा आने के मुद्दे पर सरकार के कदमों के बारे में बयान दिया। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि भारत में कच्चे तेल की स्थिति मजबूत है।
उन्होंने कहा कि रसोई गैस की घरेलू आपूर्ति पूरी तरह सुरक्षित है और गैस सिलेंडरों की बुकिंग से डिलीवरी की तय सीमा में कोई परिवर्तन नहीं किया गया है और यह ढाई दिन बनी हुई है। उन्होंने कहा कि 35 करोड़ परिवारों विशेषरूप से गरीबों और वंचित लोगों के लिए रसोई गैस की निर्बाध आपूर्ति करना सरकार की प्राथमिकता है।
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने कहा कि रसोई गैस को लेकर लोगों में घबराहट हैं और रेस्त्रां चलाने में मुश्किलें आ रही हैं। रेहड़ी पटरी वालों पर भी इसका असर पड़ा है। उन्होंने कहा कि किसी भी देश का आधार उसकी ऊर्जा सुरक्षा पर निर्भर है।