भाजपा ने आज राजधानी के 10 जिलों के 32 मंडलों में तिरंगा यात्रा निकाली, जिसमें कई सांसद, प्रदेश पदाधिकारी, विधायक, जिला अध्यक्ष और मंडल के पदाधिकारी कार्यकर्ता शामिल हुए। यह यात्रा केशवपुरम, चांदनी चौक, मयूर विहार, शाहदरा, करोल बाग, नई दिल्ली, उत्तर पश्चिम दिल्ली, बाहरी दिल्ली, पश्चिमी दिल्ली और नजफगढ़ में निकाली गई।
इस अवसर पर दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आवाहन पर देश भर में तिरंगा यात्रा निकाली जा रही है। यह यात्रा देश के सशस्त्र बलों के सम्मान में है जिन्होंने अपनी वीरता और साहस से पाकिस्तान को सबक सिखाया। उन्होंने कहा कि जिस तरह से तीनों सशस्त्र सेनाओं ने बहादुरी और वीरता के साथ लड़ाई लड़ी और पाकिस्तानी सेना को करारा जवाब दिया, उनके सम्मान में यह यात्रा निकाल रहे हैं।