अफ़गानिस्तान में, शरणार्थी मामलों के कार्यवाहक मंत्री खलील रहमान हक्कानी कल काबुल में एक आत्मघाती हमले में मारे गए। श्री हक्कानी पर उस समय हमला हुआ जब वे मंत्रालय में अपने कार्यालय में काम कर रहे थे। आगंतुक रूप में कार्यलय आये एक आत्मघाती हमलावर ने विस्फोट कर खुद को उडा लिया। इस घटना में छह अन्य लोग भी मारे गए।
गृह मंत्रालय ने हक्कानी की मौत को ख़वारिजों द्वारा किए गए क्रूर हमले का परिणाम बताया है। अफगानी तालिबान आतंकवादी संगठन-आईएसआईएस को खवारिज के नाम से बुलाते हैं। हालाँकि, अभी तक किसी भी संगठन या व्यक्ति ने इस हमले की ज़िम्मेदारी नहीं ली है।
खलील हक्कानी की मौत 2021 में अफ़गानिस्तान में सत्ता हासिल करने के बाद से तालिबान के लिए सबसे हाई-प्रोफाइल घटना है। खलील हक्कानी के भतीजे और जलालउद्दीन हककानी के सुपुत्र सिराजुद्दीन हक्कानी इस समय तालिबान सरकार में गृह मंत्री हैं।