गुजरात सरकार ने डिजिटल इंडिया के लक्ष्य को हासिल करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए एलन मस्क की स्पेसएक्स की सैटेलाइट इंटरनेट सहायक कंपनी स्टारलिंक के साथ आशय पत्र पर हस्ताक्षर किए हैं। यह समझौता आज गांधीनगर में मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी की उपस्थिति में संपन्न हुआ।
इस पहल का उद्देश्य गुजरात के सबसे दूरस्थ, जनजातिय और सीमावर्ती क्षेत्रों में विश्वसनीय, उच्च गति वाली उपग्रह-आधारित इंटरनेट सेवा प्रदान करना है।
प्रस्तावित परियोजनाओं के अन्तर्गत स्टारलिंक की तकनीक का उपयोग नर्मदा और दाहोद जैसे आकांक्षी जिलों में कॉमन सर्विस सेंटर और ई-गवर्नेंस सुविधाओं को जोड़ने में किया जाएगा।
आपदा प्रबंधन टीमों की क्षमता निर्माण और सभी जिला नियंत्रण कक्षों में मजबूत डिजिटल नेटवर्क के एकीकरण की देखरेख के लिए राज्य के अधिकारियों और स्टारलिंक प्रतिनिधियों को मिलाकर एक संयुक्त कार्य समूह का गठन किया जाएगा।