समग्र श्रेणी में उच्च शिक्षा संस्थानों के लिए राष्ट्रीय संस्थागत रैंकिंग रूपरेखा 2024 में भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान मद्रास को शीर्ष स्थान मिला है। भारतीय विज्ञान संस्थान बेंगलुरु दूसरे स्थान और भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान बंबई तीसरे स्थान पर है। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने यह रैंकिंग आज नई दिल्ली में जारी की।
श्री प्रधान ने कहा कि रैंकिंग और मान्यता राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 की प्रमुख विशेषताएं हैं। उन्होंने कहा कि सभी शैक्षणिक संस्थानों को इस प्रक्रिया में शामिल होना चाहिए। उन्होंने कहा कि देश में मौजूद 58 हजार से अधिक शिक्षण संस्थानों में से छह हजार पांच सौ संस्थान इस व्यवस्था में शामिल हैं। उन्होंने सभी निजी और सार्वजनिक संस्थानों से प्रतिस्पर्धा को प्रोत्साहन देने वाली इस नई व्यवस्था में शामिल होने के लिए आवेदन करने का आह्वान किया।
विश्वविद्यालय श्रेणी में, शीर्ष तीन स्थानों पर भारतीय विज्ञान संस्थान बेंगलुरु, जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय नई दिल्ली और जामिया मिलिया इस्लामिया नई दिल्ली मौजूद हैं। प्रबंधन श्रेणी में भारतीय प्रबंधन संस्थान अहमदाबाद, शीर्ष स्थान पर है।
भारतीय प्रबंधन संस्थान बैंगलोर दूसरे और भारतीय प्रबंधन संस्थान कोझिकोड तीसरे नंबर पर है। चिकित्सा शिक्षा श्रेणी में अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान दिल्ली ने पहला स्थान प्राप्त किया।