जुलाई 18, 2025 4:25 अपराह्न

printer

मुंबई के एन.एफ.डी.सी. परिसर में आई.आई.सी.टी के पहले परिसर का हुआ उद्घाटन

सूचना तथा प्रसारण, रेल, इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने संयुक्त रूप से मुंबई के राष्ट्रीय फिल्म विकास निगम-एन.एफ.डी.सी. परिसर में भारतीय रचनात्मक प्रौद्योगिकी संस्थान-आई.आई.सी.टी. के पहले परिसर का उद्घाटन किया।

 

यह संस्‍थान वैश्विक रचनात्मक तकनीकी अर्थव्यवस्था में भारत की क्षमता निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने युवाओं को सशक्त बनाने और रचनात्मक उद्योगों को आगे बढ़ाने के सरकार के दृष्टिकोण पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि यह संस्‍थान युवाओं के लिए नए अवसर खोलेगा।

 

श्री वैष्णव ने बताया कि केंद्र सरकार ने आई.आई.सी.टी. के विकास के लिए चार सौ करोड़ रुपये आवंटित किए हैं। यह संस्थान रचनात्मक उद्योग के विविध क्षेत्रों को कवर करते हुए 17 विशिष्ट पाठ्यक्रम प्रदान करेगा और इसमें उद्योग और शिक्षा क्षेत्र के बीच मज़बूत साझेदारी होगी।

 

गूगल, मेटा और एडोब जैसी कंपनियों ने उद्योग-संबंधित अनुभव और प्रशिक्षण प्रदान करने के लिए पहले ही आई.आई.सी.टी. के साथ समझौता कर लिया है। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि “मुंबई हमारे देश की मनोरंजन राजधानी के रूप में जानी जाती है और आई.आई.सी.टी. इस क्षेत्र को आवश्यक दिशा और संस्थागत समर्थन प्रदान करेगा।”