भाजपा के वरिष्ठ नेता और गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि पश्चिम बंगाल में भाजपा के सत्ता में आने पर सभी घुसपैठियों को वापस भेज दिया जाएगा। असम के पथरकंडी में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए श्री शाह ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने असम की बराक घाटी में घुसपैठियों को पनाह दी। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने असम की बराक घाटी की उपेक्षा की और उसके विकास के लिए कुछ नहीं किया।
उन्होंने कहा कि असम के लिए भाजपा का विजन राज्य का कायापलट करना और उसे देश के अन्य विकसित क्षेत्रों के बराबर लाना है। उन्होंने कहा कि असम आने वाले पांच वर्षों में विकास की नई ऊंचाइयों को छुएगा। उन्होंने भाजपा सरकार द्वारा शुरू की गई पहलों का ब्योरा दिया, जिनमें पात्र लाभार्थियों को भूमि पट्टा वितरण और श्रीभूमि में एक मेडिकल कॉलेज का निर्माण शामिल है।
उन्होंने कहा कि राज्य के लिए कई और विकास परियोजनाओं की योजना बनाई गई है। श्री शाह ने आश्वासन दिया कि सिलचर का विकास इस तरह किया जाएगा कि लोगों को आवश्यक सेवाओं के लिए गुवाहाटी पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।