HRTC द्वारा लगेज पॉलिसी में किए गए बदलाव को लेकर कई सवाल खड़े हुए हैं जिसको लेकर एमडी एचआरटीसी रोहन चंद ठाकुर ने स्पष्ट किया है कि लगेज पॉलिसी में दरें कम की गई है न कि बढ़ाई गईं हैं। सवारी अपना बैग या घरेलू उपयोग के लिए 30 किलो तक सामान बिना किराए के अपने साथ ले जा सकता है।
वहीं, कमर्शियल उद्देश्य से पहले सवारी के साथ 40 किलो तक सामान ले जाने पर किराया पूरा लगता था जिसे अब कम किया गया है और 0 से 5 किलो तक एक चौथाई,6 से 40 किलो तक आधा किराया और 41 से 80 किलो तक पूरा किराया लेने का निर्णय किया गया है।
रोहन चंद ठाकुर ने कहा कि सवारी के बिना पहले 0 से 40 किलो तक सामान भेजने पर पूरा किराया और 40 किलो से अधिक पर दो सवारियों का किराया लिया जाता है इसमें भी दरें कम कर श्रेणियों में विभाजित किया गया है।
बिना सवारी के बस में 0 से 5 किलो तक किराया एक चौथाई, 6 से 20 किलो तक आधा किराया, 21 से 40 किलो तक एक सवारी का किराया और 41 से 80 किलो तक दो सवारियों के बराबर किया लेने का निर्णय किया गया है, जबकि अगर कोई व्यक्ति अगर अपना बैग या घरेलू चीज लेकर बस में ले रहा है तो उसमें उससे 30 किलो तक कोई किराया नहीं लिया जाएगा।