प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पूर्व उप-प्रधानमंत्री बाबू जगजीवन राम को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित की है। सोशल मीडिया पोस्ट में उन्होंने कहा कि बाबू जगजीवन राम ने अपना जीवन समानता और सामाजिक न्याय के लिए समर्पित कर दिया था। उन्होंने कहा कि पूर्व उप-प्रधानमंत्री का राष्ट्र के प्रति अमूल्य योगदान हमेशा याद किया जाता रहेगा।
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने आज पूर्व उप प्रधानमंत्री जगजीवन राम को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि जगजीवन राम ने ईमानदारी, दूरदर्शिता और हमेशा राष्ट्रीय हित को सर्वोपरि रखते हुए प्रत्येक जिम्मेदारी को निभाया। ओम बिरला ने कामना की कि राष्ट्रीय आंदोलन और स्वतंत्र भारत के लिए महान स्वतंत्रता सेनानी का योगदान आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करता रहे।
गृह मंत्री अमित शाह ने आज जगजीवन राम की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। सोशल मीडिया पोस्ट में, अमित शाह ने भारत के पूर्व उप प्रधानमंत्री द्वारा स्वतंत्रता संग्राम में किए गए महत्वपूर्ण योगदानों पर प्रकाश डाला और धर्मांतरण का विरोध करते हुए विभाजनकारी शक्तियों का दृढ़ता से सामना करने के लिए उन्हें याद किया। जगजीवन राम को सामाजिक न्याय का अग्रदूत बताते हुए, गृह मंत्री ने कहा कि समाज के कमजोर और वंचित वर्गों के अधिकारों के लिए इस महान नेता का संघर्ष आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करता रहेगा।
रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने पूर्व उप-प्रधानमंत्री और रक्षा मंत्री बाबू जगजीवन राम की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की है। सोशल मीडिया पोस्ट में उन्होंने कहा कि सामाजिक न्याय और देश की रक्षा बाबू जगजीवन राम की सर्वोच्च प्राथमिकता थीं। राजनाथ सिंह ने कहा कि राष्ट्र के विकास और सुरक्षा में बाबू जगजीवन राम का योगदान हमेशा याद किया जाएगा।