गृह मंत्री अमित शाह ने आज जम्मू-कश्मीर में विकास परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा के लिए एक उच्च-स्तरीय बैठक की अध्यक्षता की। इस बैठक में केंद्र शासित प्रदेश में प्रमुख अवसंरचना कार्यों और केंद्र प्रायोजित योजनाओं के कार्यान्वयन पर ध्यान केंद्रित किया गया। हमारे जम्मू संवाददाता ने बताया कि गृह मंत्री ने परियोजना-वार कार्यान्वयन की समीक्षा की और विकास कार्यों को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पिछले एक दशक में जम्मू-कश्मीर में निवेश, उद्योग, खेल और अवसंरचना में हुई अभूतपूर्व वृद्धि को और तेज करना और जम्मू-कश्मीर को और अधिक विकसित बनाना हमारी प्राथमिकता है। बैठक में उपराज्यपाल मनोज सिन्हा, मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला, केंद्रीय गृह सचिव गोविंद मोहन, मुख्य सचिव अटल डुल्लू और डीजीपी नलिन प्रभात सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति शामिल हुए। बाद में गृह मंत्री शाह छत्तीसगढ़ के रायपुर के लिए रवाना हो गए। श्री शाह बृहस्पतिवार देर रात जम्मू पहुंचे और शुक्रवार को कठुआ जिले के हीरानगर सेक्टर में अंतर्राष्ट्रीय सीमा पर गुरनाम और बोबियां में सीमा सुरक्षा बल की अग्रिम चौकियों का दौरा करके क्षेत्र की अपनी दो दिवसीय यात्रा शुरू की। कठुआ से लौटने के बाद, श्री शाह ने एक सुरक्षा समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। इसमें अन्य लोगों के अलावा सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी भी शामिल हुए। इसका मुख्य उद्देश्य जम्मू-कश्मीर को आतंकवाद से मुक्त कराना था। गृह मंत्री ने आतंकवाद से लड़ते हुए जान गंवाने वाले कई पुलिसकर्मियों के परिवारों से भी मुलाकात की और उन्हें नियुक्ति पत्र सौंपे। शुक्रवार को एक भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने भी गृह मंत्री से मुलाकात की।
News On AIR | फ़रवरी 7, 2026 9:16 अपराह्न | HM Amit Shah Chairs High-Level Meeting
गृह मंत्री अमित शाह ने जम्मू-कश्मीर में विकास परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा के लिए उच्च-स्तरीय बैठक की