मार्च 9, 2026 5:08 अपराह्न | Ladakh Connectivity

printer

रणनीतिक जोजिला दर्रा इस सर्दी भी खुला, लद्दाख को निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित

लद्दाख में रणनीतिक रूप से महत्‍वपूर्ण जोजिला दर्रा इस वर्ष सर्दियों के मौसम में भी खुला रहा। इस उपलब्धि से रमजान के पवित्र महीने के दौरान कारगिल और लद्दाख को आवश्यक वस्तुओं की निरंतर आपूर्ति सुनिश्चित हुई है। आकाशवाणी समाचार से विशेष भेंट में, विजयक परियोजना के मुख्य अभियंता, ब्रिगेडियर राहुल ओबेरॉय ने कहा कि जोजिला दर्रे को इतने लंबे समय तक खुला रखना एक बड़ी रणनीतिक और रसद संबंधी उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि एक दशक पहले यह दर्रा सर्दियों में लगभग पांच महीने तक बंद रहता था, जिससे लद्दाख का संपर्क देश के बाकी हिस्‍सों से कट जाता था। ब्रिगेडियर ओबेरॉय ने कहा कि आधुनिक तकनीक और बेहतर परिचालन योजना के साथ, सीमा सड़क संगठन दर्रे के परिचालन की अवधि बढ़ाने में सक्षम रहा है।
रणनीतिक महत्व का जिक्र करते हुए ब्रिगेडियर ओबेरॉय ने कहा कि लद्दाख को भारत के शेष भागों से जोडने के केवल दो प्रमुख सड़क मार्ग हैं। पहला मार्ग श्रीनगर-कारगिल-लेह है जो जोजिला से होकर गुजरता है जबकि दूसरा रास्‍ता मनाली-लेह का है। एक मार्ग को खुला रखने से आपूर्ति और अतिरिक्त सैनिकों की निर्बाध आवाजाही सुनिश्चित होती है।