प्रसार भारती के अध्यक्ष नवनीत कुमार सहगल ने कहा है कि सभी भाषाओं का सम्मान करते हुए हिन्दी को बढ़ावा दिया जाना चाहिए। आज नई दिल्ली में प्रसार भारती सचिवालय में हिन्दी दिवस के संबंध में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्री सहगल ने कहा कि हिन्दी बोलने में सरल और आसानी से समझ में आने वाली भाषा है।
उन्होंने कहा कि सभी को गर्व के साथ हिन्दी बोलनी चाहिए। श्री सहगल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी दुनियाभर में बड़े-बड़े मंचों पर अपने भाषण हिन्दी में देते हैं।
प्रसार भारती के मुख्य कार्यकारी अधिकारी गौरव द्विवेदी ने कार्यालयों में रोजमर्रा के कार्यों में हिन्दी के इस्तेमाल पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि सभी भारतीय भाषाओं में हिन्दी का अपना अलग महत्व है। उन्होंने अधिकारियों से अपील की कि वे ई-ऑफिस प्लेटफॉर्म पर भी हिन्दी का इस्तेमाल करें।
आकाशवाणी की महानिदेशक प्रज्ञा पालीवाल गौड़, दूरदर्शन महानिदेशक कंचन प्रसाद और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने भी कार्यक्रम में हिस्सा लिया।
इस अवसर पर प्रसार भारती, आकाशवाणी के समाचार सेवा प्रभाग में विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा, जिसमें निंबध, आलेख और कहानी लेखन जैसी प्रतियोगिताएं शामिल है। इसमें विजेताओं को पुरस्कृत भी किया जाएगा।