असम में कल हेमंता बिस्व सरमा लगातार दूसरी बार मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे। गुवाहाटी के खानापारा स्थित पशु चिकित्सा महाविद्यालय मैदान में आयोजन की तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं। कार्यवाहक मुख्यमंत्री और मुख्यमंत्री पद के लिए नामित डॉ. हेमंता बिस्व सरमा ने आज कार्यक्रम स्थल का दौरा किया और तैयारियों का जायजा लिया। बाद में मीडिया से बात करते हुए डॉ. सरमा ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन कल शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे। साथ ही कई केंद्रीय मंत्री और भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री भी कार्यक्रम में शामिल होंगे।
शपथ ग्रहण समारोह के साथ ही असम में एनडीए गठबंधन का लगातार तीसरा और श्री सरमा का दूसरा मुख्यमंत्री कार्यकाल शुरू होगा। राज्य के इतिहास में लगातार दो बार मुख्यमंत्री बनने वाले वे पहले गैर-कांग्रेसी नेता बन जाएंगे। असम विधानसभा की 126 सीटों में से एनडीए ने 102 सीटें हासिल कीं, जबकि भाजपा ने 82 सीटें और उसके सहयोगी दलों, असम गण परिषद और बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट ने 10-10 सीटें जीतीं।