मोबाइल ऐप्प
डाउनलोड करें

android apple
signal

अगस्त 7, 2024 1:30 अपराह्न

printer

हिमाचल प्रदेश: रामपुर क्षेत्र में दिल दहलाने वाला हादसा, बादल फटने के बाद आया सैलाब 

 
 
जिला के रामपुर क्षेत्र के समेज में दिल दहलाने वाले हादसे में लापता हुए लोगों की तलाश की जा रही है। बादल फटने के बाद आये सैलाब में लापता लोगों की बुधवार को छठे दिन भी तलाश जारी है। बचाव दलों ने सुन्नी डैम के पास डोगरी गांव में एक पुरुष का शव बरामद किया है। शव की शिनाख्त कर ली गई है। मृतक की शिनाख्त 24 वर्षीय सिद्धार्थ पुत्र विजय कुमार निवासी नन्दरोल तहसील व जिला कांगड़ा के रूप में हुई है। सिद्धार्थ के शव की पहचान उसके भाई ने की है। सिद्धार्थ समेज में ग्रीनको हाइड्रो प्रोजेक्ट का कर्मचारी था। बाढ़ ने पूरे हाइड्रो प्रोजेक्ट का नामो निशान मिटा दिया था। प्रोजेक्ट के सात कर्मी हादसे के बाद लापता हो गए थे। 
 
एसपी शिमला संजीव गांधी ने बताया कि बचाव दलों ने अब तक छह शव बरामद किये हैं। इनमें तीन की शिनाख्त उनके परिजनों ने कर ली है। दो महिलाओं और एक पुरूष के शव की शिनाख्त हुई है। ये तीनो समेज में आई आपदा के शिकार हुए थे। अन्य तीन अज्ञात शवों के क्षत-विक्षत होने की वजह से उनकी पहचान नहीं हो पाई है। इसके लिए डीएनए सैम्पलिंग की जा रही है। 
 
एसपी संजीव गांधी ने बताया कि सर्च अभियान बुधवार को भी जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि हादसे में बहे शवों के सुन्नी बांध क्षेत्र में होने की संभावना है। इसे देखते हुए बचाव दल बांध क्षेत्र में तलाशी अभियान को बढाएगा। बचाव दल ने हादसा स्थल समेज में बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान चलाया हुआ है। अब बचाव दल का सुन्नी बांध क्षेत्र में लापता लोगों की तलाश पर जोर रहेगा। अभी समेज में 301 औऱ सुन्नी में 61 सदस्यीय सर्च ऑपरेशन टीम लापता लोगों की तलाश कर रही है। एनडीआरएफ, पुलिस, सेना, सीआईएसएफ और होमगार्ड के जवान तलाशी अभियान में जुटे हैं। आधुनिक उपकरणों के साथ लापता लोगों की तलाश की जा रही है। उन्होंने कहा कि अज्ञात बरामद शवों की डीएनए मिलान से शिनाख्त की जाएगी। 
 
सुन्नी डैम क्षेत्र से मिल रहे लापता लोगों के शव
 
बचाव दलों को ज्यादातर शव सुन्नी डैम से मिल रहे हैं। अब तक चार शव यहां से बरामद हुए हैं। आज हाइड्रो।प्रोजेक्ट के कर्मचारी का यहां शव मिला है। सोमवार को सुन्नी डैम के समीप डोगरी से दो शव बरामद किए थे। इससे पहले रविवार को डैम से एक महिला का शव मिला था। इसी दिन रामपुर में सतलुज नदी किनारे भी दो अज्ञात शव मिले थे। रामपुर से सुन्नी तक 85 किलोमीटर इलाके में तलाशी अभियान चल रहा है। राहत व बचाव दल में करीब 300 लोग शामिल हैं। 
 
गौरतलब है कि बीते 31 जुलाई की मध्यरात्रि बादल फटने के कारण आई बाढ़ से समेज गांव में भारी तबाही हुई है। हादसे में कई घर, स्कूल और स्वास्थ्य केंद्र भी बह गया था। हादसे के बाद 36 लोग लापता हो गए। बचाव टीमें पिछले पांच दिन से लापता लोगों की तलाश में जुटी हैं। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू न प्रभावित परिवार को 50 हजार रूपये की राहत राशि और किराए पर मकान के लिए पांच हजार रूपये देने की घोषणा की है।
 

सर्वाधिक पठित

सम्पूर्ण जानकारी

कोई पोस्ट नहीं मिला