झारखंड मुक्ति मोर्चा के वरिष्ठ नेता और झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने उनके खिलाफ केंद्रीय जांच एजेंसी के दुरुपयोग का आरोप लगाया है। रांची में एक जनसभा में श्री सोरेन ने कहा कि जनता सभी गतिविधियों पर नज़र रख रही है और वह चुनावों में भाजपा को करारा जवाब देगी।
हेमंत सोरेन के आरोपों का खंडन करते हुए झारखंड भाजपा प्रमुख बाबूलाल मरांडी ने कहा कि केंद्रीय एजेंसी अपना काम कर रही है। श्री मरांडी ने कहा कि हेमंत सोरेन सरकार देश की सबसे भ्रष्ट सरकार है।
कांग्रेस, राजद, आल झारखंड स्टूडेंट यूनियन और वामपंथी दलों के नेता भी राज्य के विभिन्न हिस्सों में रैलियां कर रहे हैं।
राज्य की 81 सदस्यों वाली विधानसभा के लिए इस महीने की 13 और 20 तारीख को दो चरणों में मतदान होगा और 23 नवंबर को वोटों की गिनती होगी।