अगस्त 1, 2024 5:19 अपराह्न | हिमाचल मौसम

printer

हिमाचल प्रदेश में कल रात अत्यधिक तेज वर्षा और बादल फटने से कुल्लू, मंडी और शिमला जिलों में जान-माल का भारी नुकसान

 

हिमाचल प्रदेश में कल रात अत्यधिक तेज वर्षा और बादल फटने से कुल्लू, मंडी और शिमला जिलों में जान-माल का भारी नुकसान हुआ है। बादल फटने की घटनाओं में 55 लोग लापता हैं जबकि 2 लोगों की मौत हो गई है। शिमला जिले के रामपुर उपमंडल के झाकड़ी में बादल फटने की घटना में 36 लोग अभी भी लापता हैं।  मंडी जिले में 9 लोग लापता हैं, जबकि 2 लोगों के शव बरामद किए गए हैं। उधर, कुल्लू जिले की मणिकरण घाटी में पार्वती नदी में उफान से चार मंजिला भवन नदी में समा गया। यहां मलाणा जलविद्युत परियोजना का बांध टूटने के कारण तीन से चार लोग फंस गए हैं, जबकि जिले में कुल 10 लोग लापता हैं।

 

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आज शिमला स्थित राज्य सचिवालय में आपात बैठक की।  एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, पुलिस, होम गार्ड और अग्निशमन सेवा की टीमें राहत और बचाव कार्य में लगी हैं। मुख्‍यमंत्री राहत और बचाव कार्यों की स्‍वयं निगरानी कर रहे हैं।

 

इस बीच, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश और बादल फटने की घटनाओं से उत्पन्न स्थिति पर नज़र रखे हुए हैं। उन्होंने शीर्ष अधिकारियों से प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता सुनिश्चित करने को कहा है। गृह मंत्री अमित शाह ने भी मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से बात की और एनडीआरएफ की दो बटालियन भेजने सहित हर संभव सहायता का आश्वासन दिया। केंद्रीय मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने भी मुख्यमंत्री से राज्य में हुए भारी नुकसान की जानकारी ली और केंद्र से हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया है।

इस बीच, मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों में राज्य भर में मूसलाधार वर्षा का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।