स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने विश्व क्षय रोग दिवस के अवसर पर नागरिकों से टीबी उन्मूलन और सभी के, विशेषकर सबसे अधिक जोखिम वाले लोगों के, बेहतर स्वास्थ्य को सुनिश्चित करने का आह्वान किया। सोशल मीडिया पोस्ट में स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि भारत ने राष्ट्रीय टीबी उन्मूलन कार्यक्रम के माध्यम से उल्लेखनीय प्रगति की है। इससे रोकथाम, पहचान और उपचार के प्रयासों को मजबूती मिली है।
इस वर्ष के विषय “हां! हम टीबी का अंत कर सकते हैं। भारत के नेतृत्व में। जनभागीदारी द्वारा संचालित” पर प्रकाश डालते हुए श्री नड्डा ने कहा कि यह टीबी मुक्त भविष्य के प्रति देश की साझा प्रतिबद्धता और विश्वास को दर्शाता है। स्वास्थ्यकर्मियों की अथक सेवा और करुणापूर्ण देखभाल के लिए आभार व्यक्त करते हुए श्री नड्डा ने नागरिकों से टीबी मुक्त भारत और एक स्वस्थ, मजबूत राष्ट्र की दिशा में काम करने का आह्वान किया।